मध्य प्रदेश के बुधनी में आदिवासियों के घर और फसलें उजाड़े जाने पर शिवराज सिंह चौहान के बाद उनके बेटे कार्तिकेय सिंह चौहान ने भी मोर्चा संभाल लिया है।
बुधनी (सीहोर): मध्य प्रदेश के सीहोर जिले के कोसमी गांव में आदिवासी परिवारों के मकानों पर बुलडोजर कार्रवाई और फसलें नष्ट किए जाने का मामला गरमा गया है। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के बाद अब उनके बेटे कार्तिकेय सिंह चौहान भी प्रभावित परिवारों के समर्थन में उतर आए हैं।
कार्तिकेय देर रात धरना स्थल पर पहुंचे और पूरी रात आदिवासी परिवारों के साथ बिताई। उन्होंने जमीन पर बैठकर उनके साथ भोजन किया और मामले में न्याय दिलाने का भरोसा दिया।
धरने के दौरान कार्तिकेय ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि आदिवासी परिवारों से टकराने से पहले उन्हें हमसे टकराना होगा। उन्होंने प्रभावित परिवारों के साथ हुई कार्रवाई पर नाराजगी जताई और मामले को मानवाधिकार आयोग के सामने उठाने की बात कही।
गौरतलब है कि इससे पहले शिवराज सिंह चौहान ने भी इस कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए वरिष्ठ अधिकारियों से बात की थी। वहीं, मामले में राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग की ओर से भी अधिकारियों से जवाब मांगे जाने की बात सामने आई है।

0 Comments