इंदौर में कंटेनर से टकराने के बाद कार में लगी भीषण आग, दो युवक और युवती थे सवार

 
इंदौर। शहर के तेजाजी नगर इलाके में शुक्रवार रात एक सड़क हादसे के बाद कार में भीषण आग लग गई। दरअसल, आगे चल रहे कंटेनर चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। इसी दौरान पीछे से आ रही कार कंटेनर से टकरा गई। टक्कर के कुछ ही देर बाद कार के अगले हिस्से में आग भड़क उठी और देखते ही देखते लपटों ने गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया।

हादसे के समय कार में दो युवक और एक युवती सवार थे। कार में आग लगते ही मौके पर हड़कंप मच गया। हालांकि, लोगों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी को चोट नहीं आई।

सूचना मिलने पर दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। दमकलकर्मियों ने मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार बुरी तरह जल चुकी थी। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

Post a Comment

0 Comments