
इंदौर। शहर के अग्रसेन चौराहे के पास स्थित एक नशामुक्ति केंद्र में शनिवार को अचानक अफरा-तफरी का माहौल बन गया। केंद्र में इलाज के लिए भर्ती एक युवक की फांसी लगाने से मौत होने के बाद हड़कंप मच गया। घटना के बाद केंद्र में मौजूद कई भर्ती लोग बाहर की ओर भागते नजर आए।
अचानक हुए इस घटनाक्रम से आसपास के इलाके में भी हलचल मच गई। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें केंद्र से लोग बाहर निकलते दिखाई दे रहे हैं।
सूचना मिलने पर रावजी बाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। केंद्र में भर्ती युवक की मौत के बाद कई लोगों के बाहर निकलने की घटना ने नशामुक्ति केंद्र की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है।
0 Comments