![]() |
मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने ऐतिहासिक रामपुर कोठी के जीर्णोद्धार कार्यों का अवलोकन किया। भवन की ऐतिहासिक पहचान बनाए रखने के लिए पारंपरिक चूना तकनीक से बाहरी दीवारों का संरक्षण तथा छतों पर वाटरप्रूफिंग का कार्य किया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने निर्देश दिए कि संरक्षण के दौरान भवन के मूल स्थापत्य स्वरूप और ऐतिहासिक महत्व को सुरक्षित रखते हुए आवश्यक सुविधाओं का विकास किया जाए। मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने कहा कि निर्माण कार्यों के प्रगति की सतत रूप से उन्हें जानकारी दी जाए तथा निर्धारित समय अवधि में कार्य पूर्ण किया जाए।
पुराने आरटीओ भवन एवं रामपुर कोठी की भूमि पर विकसित किए जा रहे इस स्मारक की अनुमानित लागत लगभग 150 करोड़ रुपये है। इसके प्रथम चरण में करीब 40 करोड़ रुपये के कार्य प्रस्तावित हैं। परियोजना का उद्देश्य लोकमाता अहिल्याबाई के जीवन, न्यायप्रियता, सुशासन, जनसेवा और सांस्कृतिक योगदान को भावी पीढ़ियों तक पहुंचाना है।
3डी प्रोजेक्शन, लाइट एंड साउंड शो और संग्रहालय होंगे आकर्षण
स्मारक में आधुनिक तकनीक के माध्यम से लोकमाता अहिल्याबाई के जीवन और योगदान को प्रदर्शित करने की योजना है। इसके अंतर्गत डिजिटल प्रस्तुतियां, 3डी प्रोजेक्शन,चित्र एवं म्यूरल्स,लाइट एंड साउंड शो तथा संग्रहालय विकसित किए जाएंगे। इनके माध्यम से विद्यार्थियों, शोधकर्ताओं और पर्यटकों को उनके सुशासन, न्यायप्रियता, जनकल्याणकारी कार्यों तथा भारतीय संस्कृति के संरक्षण में योगदान को जानने का अवसर मिलेगा।
मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने निर्देश दिए कि प्रवेश मार्ग और परिसर की रूपरेखा पर्यटकों की सुविधा के अनुरूप तैयार की जाए तथा सभी ऐतिहासिक स्थलों के महत्व को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया जाए। परियोजना को देवी अहिल्याबाई होलकर स्मारक ट्रस्ट, इंदौर तथा मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति विभाग के सहयोग से विकसित किया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान पूर्व लोकसभा अध्यक्ष एवं स्मारक ट्रस्ट की अध्यक्ष श्रीमती सुमित्रा महाजन, जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, सांसद शंकर लालवानी, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, विधायक श्रीमती मालिनी गौड़, रमेश मेंदोला, गोलू शुक्ला एवं मधु वर्मा, कलेक्टर शिवम वर्मा, पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह सहित स्मारक ट्रस्ट के पदाधिकारी उपस्थित थे।

0 Comments