राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री मोहन यादव को पत्र लिखकर OBC आरक्षण से जुड़े 13% लंबित पदों पर नियुक्ति का मुद्दा उठाया।
इंदौर। कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर सरकारी भर्तियों में लंबे समय से लंबित 13 प्रतिशत पदों पर नियुक्ति का मुद्दा उठाया है।
राहुल गांधी ने पत्र में इंदौर में हुए ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम का जिक्र करते हुए कहा कि छात्रों ने शिक्षा, रोजगार और भविष्य से जुड़े मुद्दे उठाए थे। इनमें OBC आरक्षण के चलते लंबित नियुक्तियों का मामला भी प्रमुखता से सामने आया था।
87:13 व्यवस्था के तहत 87 प्रतिशत पदों पर नियुक्तियां की गईं, जबकि 13 प्रतिशत पदों को लंबित रखा गया है। राहुल गांधी ने लिखा कि कई अभ्यर्थी परीक्षा और चयन प्रक्रिया पूरी करने के बावजूद 2022 से नियुक्ति का इंतजार कर रहे हैं।
मध्य प्रदेश में 27 प्रतिशत OBC आरक्षण को लेकर कानूनी विवाद के चलते 13 प्रतिशत पदों को अलग रखा गया है। 87:13 व्यवस्था के तहत 87 प्रतिशत पदों पर भर्ती आगे बढ़ाने और शेष 13 प्रतिशत पदों को मामले के अंतिम समाधान तक सुरक्षित रखने की व्यवस्था अपनाई गई थी।
राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री से इस मामले में जल्द समाधान निकालने और लंबित नियुक्तियों को लेकर कार्रवाई करने की मांग की है।
0 Comments