इंदौर। बाणगंगा इलाके में 17 वर्षीय छात्रा से पड़ोसी युवक द्वारा छेड़छाड़ और धमकाने का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों की करीब एक साल पहले दोस्ती हुई थी।
इंदौर। बाणगंगा इलाके में 17 वर्षीय स्कूली छात्रा से पड़ोसी युवक द्वारा छेड़छाड़ और धमकाने का मामला सामने आया है। छात्रा के मुताबिक, आरोपी से उसकी करीब एक साल पहले दोस्ती हुई थी। दोनों के बीच फोन कॉल और मैसेज के जरिए बातचीत होती थी और वे साथ घूमने भी गए थे। इसी दौरान आरोपी ने छात्रा के कुछ फोटो और वीडियो बना लिए थे।
पुलिस के मुताबिक, बाद में छात्रा ने आरोपी से बातचीत बंद कर दी। छात्रा का आरोप है कि युवक को यह बात पसंद नहीं आई और उसने फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देना शुरू कर दिया। 13 सितंबर की रात आरोपी ने छात्रा को फोन कर घर के बाहर मिलने के लिए बुलाया। डर के कारण छात्रा बाहर गई, जहां आरोपी ने उसका हाथ पकड़कर मरोड़ दिया और धमकाया।
आरोप है कि युवक ने छात्रा से कहा कि अगर उसने उससे बात नहीं की तो वह फोटो-वीडियो वायरल कर देगा। उसने आत्महत्या करने और छात्रा को फंसाने की धमकी भी दी। छात्रा के चिल्लाने पर उसके परिजन घर से बाहर आए। परिजनों को आता देख आरोपी मौके से भाग गया।
इसके बाद छात्रा के परिजन बदनामी के डर से तत्काल पुलिस में शिकायत नहीं कर सके। छात्रा के मुताबिक, घटना के बाद भी आरोपी उसके बारे में इलाके में बातें फैलाकर उसे बदनाम करने की कोशिश करता रहा।
मंगलवार को छात्रा अपने पिता के साथ थाने पहुंची और पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस मामले में आरोपी के खिलाफ लगाए गए आरोपों और छात्रा के बताए घटनाक्रम की जांच कर रही है।

0 Comments